फिरोजाबाद। गंगा स्नान कर पति के साथ बाइक से घर लौट रही महिला की गांव पतारा के पास ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार किया है।
एका थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी प्रसादपुर निवासी सुशीलादेवी (35) अपने पति मुनीष कुमार और भतीजे मनोज के साथ बुधवार को कछला स्थित गंगा स्नान करने के लिए गई थी। तीनों लोग बाइक से गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे बाइक सवार तीनों लोग गांव पतारा के पास पहुंचे थे, तभी बाइक सवार ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गए।
हादसा इतना भीषण था कि सुशीलादेवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मनोज और मुनीष कुमार के भी चोट लग गई। हादसा होते ही काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। जिसके चलते यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। सूचना पर एका थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने बताया कि हादसा दोपहर करीब एक बजे हुआ था। दंपती अपने भतीजे के साथ कछला स्थित गंगा स्नान करके बाइक से लौट रहे थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।