जंगली जानवर का हमला, दो मेमनों को बनाया शिकार
- फोटो : Amar Ujala
बाड़े में बंधे भैंस के बच्चे को किया घायल
युवक ने ट्यूबवेल की कोठरी में घुसकर बचायी जान
मंगलवार की रात्रि यमुना तलहटी के गांवों में एक जंगली जानवर ने हमलाकर कर दहशत फैला दी। कथित लकड़बग्घा कहे जाने वाले जानवर ने एक किसान के दो मेमनों को अपना शिकार बना लिया तो एक भैंस के बच्चे को हमलाकर घायल कर दिया। वहीं ट्यूबवेल पर सो रहे युवक ने कोठरी में घुसकर जान बचायी।
थाना नगला सिंघी के रसूलाबाद निवासी प्रताप सिंह निषाद के पशुओं के बाड़े़े में रात्रि करीब 10 बजे जंगली जानवर घुस गया। जानवर ने भैंस के बच्चे पर हमला किया तो पशु तेज-तेज रम्हाने लगे। तत्काल प्रताप सिंह ने बाड़े में पहुंचते हुए हल्ला मचाया तो बाड़े में घुसा जंगली जानवर भाग निकला। इससे करीब एक घंटे बाद ही पास के ही गांव ठार हाथी निवासी मुरारीलाल के पशुओं के बाड़े में जंगली जानवर ने हमला बोल दिया। मिमियाने की आवाज पर जागे बकरियों के मालिक वहां पहुंचे तो बाड़े में मुंह में मेमने को दबाए जंगली जानवर को देख उनके होश उड़ गए। परिजनों के शोर पर जानवर मेमना लेकर भाग गया वहीं। एकत्रित ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी में जानवर की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। शोर-शराबा सुन ग्रामीणों ने बदमाशों के आने की सोचकर लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग कर दी। साथ ही पास के ही गांव ठार दुलीचन्द्र के खेतों में ट्यूबवेल पर सो रहे नेमीचन्द्र की चीख-पुकार पर ग्रामीण दहशत में आ गये। जंगली जानवर ने उनके ऊपर हमला किया था। किसी तरह उसने ट्यूबवेल की कोठरी में घुसकर जान बचायी।
लठैतों ने सुबह खेतों में की जानवर की तलाश
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने लाठी-डंडे, भाले आदि से लैस होकर जंगली जानवर की सुबह से दोपहर तक तलाश की, किंतु उन्हें जानवर दिखायी नहीं दिया। ग्रामीण जंगली जानवर के हमले से दहशत में हैं, ग्रामीणों ने वन विभाग से लकड़बग्घा जैसा दिखने वाले जंगली जानवर को पकड़ने की मांग की है।