जसराना के गांव पाढ़म में आंधी में गिरे पोल।
- फोटो : FIROZABAD
बुधवार को मौसम का मिजाज दोपहर में अचानक बदल गया। तेज आंधी और बारिश से जसराना के पाढ़म क्षेत्र में 23 पोल गिर गए। इससे वहां के 50 गांवों की बत्ती गुल हो गई। बत्ती गुल होने से लोग परेशान हो गए। वही क्षेत्र में निजी नलकूप पूरी तरह से बंद हो गए हैं। पेड़ गिरने से पाढ़म औंछा मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया।
बुधवार को सुबह से ही भीषण गर्मी थी। अचानक बादल छाने के साथ तेज हवाएं चलने लगी। जसराना में हुई हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को सुहावना कर दिया। वहीं पाढ़म में तेज आंधी के साथ आई बरसात से कैलई फीडर से जुडे़ पाढ़म औंछा मार्ग पर विद्युत के 23 पोल गिर गए। आनन-फानन में विभाग ने क्षेत्र की आपूर्ति बंद करा दी।
विद्युत पोल टूटने से क्षेत्र के 50 गांवों की बिजली गुल हो गई। वहीं दर्जनों पेड़ टूटने से पाढ़म औंछा मार्ग अवरुद्घ हो गया। एसडीओ हरेंद्र सिंह ने कहा कि आंधी आने से 23 पोल टूटने दो दर्जन से अधिक से गांवों के साथ निजी ट्यूबवेल की आपूर्ति बाधित हुई है। फिरोजाबाद में दोपहर बाद धूल भरी तेज हवाओं के साथ रिमझिम बारिश हुई।
बुधवार दोपहर साढ़े तीन बजे अचानक बारिश शुरू हो गई। बच्चों, युवाओं ने भी बारिश का लुत्फ लिया। किसान बॉबी पाठक, अमर सिंह सोलंकी, ब्रजवीर चौहान ने बताया कि बारिश के बाद वे खेतों की जुताई कर उसमें बाजरा की फसल बो सकेंगे।