खैरगढ़ क्षेत्र में पाइप पेयजल योजना की फिटिंग की जांच करते सीडीओ चर्चित गौड़ व साथ में जलनिगम के ?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सीडीओ चर्चित गौड़ ने सोमवार को फिरोजाबाद और खैरगढ़ ब्लॉक की पाइप पेयजल योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान सीडीओ को कई स्थानों पर घर के बाहर कनेक्शन खुले मिले तो कई स्थानों पर लीकेज मिली। इस पर उन्होंने सुधार के निर्देश दिए और साथ ही सुधार नहीं होने पर जिम्मेदार अफसरों का वेतन रोकने की चेतावनी दी। इसके साथ ही उन्होंने ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस देने के आदेश दिए।
सीडीओ चर्चित गौड़ सोमवार को फिरोजाबाद ब्लॉक के इटौरा पहुंचे। यहां ओवरहेड टैंक में पेंट, रैलिंग और बाउंड्रीवॉल का काम किया जा रहा था। उन्हें बताया गया कि गांव में 515 घरों के सापेक्ष 310 घरों में कनेक्शन हुए हैं। हालांकि गांव के गनेशी राम, शीलेश कुमार, अखिलेश शर्मा, दीपू, छोटू, ओमवीर के घर के बाहर कनेक्शन हो चुका था लेकिन टोटियां नहीं लगी थी। राशन डीलर के घर के सामने लाइन लीकेज थी।
सीडीओ ने अवर अभियंता, सहायक अभियंता को दो दिन में लीकेज ठीक कराने की हिदायत दी। इसके बाद वह हरदासपुर निस्पी पहुंचे। बताया गया कि यहां ट्यूबवेल रीबोर कराया गया है। पानी की आपूर्ति दिन में दो बार होने की जानकारी दी गई। इस दौरान सीडीओ को कई घरों के बाहर कनेक्शन खुले मिले। इस पर उन्होंने कनेक्शनों को घरों के अंदर करने की हिदायत दी। खैरगढ़ में साठ प्रतिशत घरों के कनेक्शन बाहर मिले। इस पर उन्होंने एक्सईएन को को ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
पूर्ति निरीक्षक का वेतन रोका, ईओ मक्खनपुर से मांगा स्पष्टीकरण
फिरोजाबाद। सीडीओ चर्चित गौड़ ने सोमवार को मक्खनपुर में लगे वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान एएनएम ने सीडीओ को जानकारी दी कि कैंप में राशन कोटेदारों के साथ नगर पंचायत कर्मचारियों द्वारा कोई सहयोग नहीं किया जा रहा है। सीडीओ चर्चित गौड़ ने पूर्ति निरीक्षक का वेतन रोकने और पंचायत के ईओ से स्पष्टीकरण मांगा है।