शिकोहाबाद राही गोशाला में ग्रामीण और नगर पालिका के कर्मचारियों को समझाते हुए तहसीलदार सत्यप्रक?
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। खुले में घूम रहे गोवंश से अपनी फसलों को बचाने के लिए शनिवार को ग्रामीणों ने 40 गोवंश को पकड़कर हाईवे स्थित अस्थाई राही गोशाला भेज दिया। इसे लेकर जब गोशाला में तैनात पालिका के कर्मचारियों ने उन्हें लेने से रोका तो ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। इसके बाद तहसीलदार मौके पर पहुंचे और उन्होंने गायों को अंदर करवाया।
गांव जसलई के 10 युवा 40 गोवंश को लाठी डंडे से खदेड़कर राही गोशाला लाए थे। गोशाला के केयर टेकर और कर्मचारियों ने उनका विरोध किया तो ग्रामीण हंगामा करने लगे। सूचना पर तहसीलदार सत्यप्रकाश पहुंच गए और उन्होंने सभी गायों को गोशाला के अंदर करवा दिया। केयर टेकर सुभाष ने बताया कि उनके पहले से ही 169 गोवंश हैं। लगभग 50 गोवंश ग्रामीणों ने और अंदर कर दिया है। तहसीलदार ने कहा कि इन गोवंश की अपने रजिस्टर में एंट्री करें। गोशाला से कोई भी गोवंश बाहर न निकालें। कई टैग लगी गाय भी ग्रामीण पकड़ कर लाए हैं। इस दौरान तहसीलदार ने छीछामई के प्रधान प्रतिनिधि रामकिशन से भी खोली गई गोशालाओं में शेष गोवंश को पहुंचाने के लिए कहा। मौके पर पालिका के खाद्य एवं सफाई निरीक्षक दिनेश यादव ने कहा कि गोवंश के लिए चारे का इंतजाम हो तो गोवंश रखने में कोई परेशानी नहीं है।
चार गोवंश बीमार मिले
गोरक्षादल के जिलाध्यक्ष योगी राकेश नाथ ने सुबह गोशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान गोशाला में साफ सफाई अच्छी मिली। लेकिन गोशाला में चार गोवंश बीमार हालत में मिला, जिनकी हालत गंभीर थी। उन्होंने आरोप लगाया कि घायल गोवंश को पानी तक नहीं दिया जा रहा और न ही उपचार कराया जा रहा है। जिससे उनकी हालत गंभीर है। उन्होंने बीमार गोवंश के उपचार के लिए कहा। उन्होंने गोवंश की दयनीय स्थित पर रोष व्यक्त किया।