फिरोजाबाद। स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण अंचल में तहसील की टीम ड्रोन से गांवों के चिह्नांकन करने का काम कर रही है। शुक्रवार को नारखी ब्लाक के गांव नारखी ताल्लुका एवं राजपुर कोटला में ड्रोन को उड़ाने के साथ घरों एवं दुकानों का चिह्नांकन किया।
ग्रामीण अंचल में बने घरो में कहां किसकी भूमि है इसका कोई जिक्र नहीं है। स्वामित्व योजना के तहत गांव में बसे ग्रामीणों के चिह्नांकन करने के साथ ही उनकी भूमि का स्वामी बनाने के साथ ड्रोन के माध्यम से गांव का मानचित्र तैयार किया जा रहा है। घरौनी बांटने के लिए की जा रही कार्रवाई के तहत ही लेखपाल गांव-गांव दस्तक दे रहे हैं। तहसीलदार सदर डॉ.बीपी सिंह ने बताया कि तहसील क्षेत्र के गांव नारखी ताल्लुका एवं राजपुर कोटला गांव में लेखपाल विशाल, अरबाज एवं जफर हुसैन के द्वारा ड्रोन को घुमाया गया।
उन्होंने कहा कि ड्रोन के माध्यम से कहां किसका घर बना है उसका चिह्नांकन कर लिया जाएगा। चिह्नांकन होने के साथ स्वामित्व योजना के तहत भूमि का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ड्रोन के माध्यम से गांव में बसे घरों का पूरा ब्योरा वीडियो सहित तैयार हो जाएगा। इसी के तहत गांव-गांव टीम दस्तक दे रही है।