शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। सोशल मीडिया पर शुक्रवार को एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में कोचिंग संचालक एक छात्र को डंडे से बेरहमी से पीटते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि इस मामले में पीड़ित छात्र ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
नगर के एक कोचिंग सेंटर पर एक युवक दूसरे युवक को डंडे से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। बताया गया है कि कोचिंग में पढ़ने वाले छात्र को फीस को लेकर संचालक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद छात्र को संचालक ने दूसरी मंजिल पर स्थित कोचिंग के बाहर पीटना शुरू कर दिया। जिसे देख कर वहां लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। हालांकि घटना के बाद छात्र ने किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं की है।
यह वीडियो लगभग 10 दिन पुराना है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। किसी ने शिकायत भी दर्ज नहीं कराई है।