फिरोजाबाद। थाना उत्तर पुलिस ने सड़कों पर राहगीरों से लूट करने वाले तीन लुटेरों को पकड़ने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार लुटेरे चोरी की बाइक पर सवार होकर सड़कों पर निकलते थे। राहगीरों से मोबाइल लूट करते थे। लूटपाट करने के दौरान फर्जी नंबर प्लेट भी लगा लिया करते थे। इनके पास से 12 मोबाइल, चोरी की मोटर साइकिल, अवैध असलहा बरामद किया है। तीनों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। चार मार्च को देवेश चौक रहना की पुलिया थाना उत्तर क्षेत्र पर खड़ी एक महिला से बाइक सवार तीन युवक मोबाइल लूट कर फरार हो गए थे। पुलिस इस घटना में शामिल अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। रविवार शाम को एक सूचना के आधार पर थाना प्रभारी वैभव कुमार सिंह के निर्देश पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान आफताब उर्फ छोटू, आलोक और अमन निवासीगण मथुरा नगर को पकड़ा। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि अपने खर्चे आदि के लिए यह इस तरह की वारदात को अंजाम देते थे। मोबाइल को दूसरे शहरों व कुछ जानकारों को बाजार से काफी कम कीमत पर बेच देते थे।
इसके बाद तीनों अपना हिस्सा बांट लेते थे। पुलिस को इन आरोपियों के पास से लूट के 12 मोबाइल एवं चोरी एक मोटर साइकिल एवं फर्जी नंबर प्लेट मिली हैं। पुलिस ने तीनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेजा है। एसपी सिटी सर्वेश मिश्र ने बताया कि तीनों युवक शहर में सूनसान जगहों से गुजरने वाले राहगीरों के साथ मोबाइल लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। कई वारदातों को इन लोगों ने स्वीकार भी किया है।