फिरोजाबाद। यूपीसीडा के अधिकारियों ने बुधवार को औद्योगिक आस्थान में बैठक कर इकाई संचालकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इकाई संचालकों ने सर्वे करा औद्योगिक आस्थान में व्याप्त सफाई, गंदे पानी की निकासी और खराब प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई। द ऑनर्स ऑफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने गत वर्ष औद्योगिक आस्थान में रखरखाव को मिले करीब 16 लाख रुपये की धनराशि से कराए गए कार्यों की जांच कराने की भी मांग की।
क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा विनोद कुमार एवं वरिष्ठ प्रबंधक सिविल विश्वास त्यागी कई अन्य अधिकारियों के साथ बुधवार को फिरोजाबाद पहुंचे। औद्योगिक आस्थान जलेसर रोड पर आहूत बैठक में अधिकारियों ने इकाई संचालकों से शिकायतें और समस्याएं सुनीं। यूपीसीडा द्वारा समस्याओं का निदान नहीं कराने से नाराज इकाई संचालकों ने अफसरों को स्थानीय व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल किए।
समस्याओं से रूबरू कराने के लिए उद्योगपतियों ने अफसरों को पूरे औद्योगिक आस्थान का भ्रमण कराया। इस दौरान अधिकारियों को सड़क किनारे स्थापित अधिकांश स्ट्रीट लाइटें खराब और उनके पैनल फुंके मिले। नियमित सफाई नहीं होने के कारण इकाइयों के इर्द-गिर्द झाडियां मिलीं। अफसर औद्योगिक आस्थान के नाले में 11 हजार की बिजली लाइन डली देख कर दंग रह गये। इस मामले में बिजली विभाग को पत्र जारी किये जाने के निर्देश दिए गए हैं।
द ऑनर्स ऑफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राजकुमार शर्मा ने औद्योगिक आस्थान के रखरखाव एवं मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति के लिए जारी करीब 16 लाख रुपये की धनराशि का दुरुपयोग किए जाने की शिकायत की। उन्होंने शासन द्वारा दी गई धनराशि को खर्च किए जाने की मांग उठाई। बैठक में खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा औद्योगिक आस्थान में अवैध रूप से सड़क मार्ग बनाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। यूपीसीडा अफसरों ने पूर्व में हुए कार्यों की जांच के निर्देश दिए हैं।