वाहनों पर लगे बैनर, पोस्टर हटवाएं
फिरोजाबाद। पोलिंग पार्टियों को ले जाने वाले अधिग्रहित वाहनों को शिकोहाबाद स्थित रामलीला मैदान में खड़ा किया जा रहा है। रविवार को नगर मजिस्ट्रेट और एआरटीओ प्रशासन ने मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों पर लगे राजनीतिक पार्टियों के बैनर पोस्टर भी हटवाए। पुलिस को आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
जिले की शिकोहाबाद, सिरसागंज, टूंडला, सदर और जसराना विधानसभा सीट पर 20 फरवरी को मतदान होना है। इसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र तक लाने ले जाने के लिए सहायक संभागीय परिवहन विभाग के अफसरों ने वाहनों को अधिग्रहित करने का कार्य शुुरू कर दिया है। इन वाहनों को शिकोहाबाद स्थित रामलीला मैदान में खड़ा किया जा रहा है।
रविवार को नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सागर और एआरटीओ प्रशासन राजेश कर्दम के साथ व्यवस्था देखी। यहां मकानों की दीवार पर लगे प्रधानमंत्री के बैनर को हटवाने के साथ ही कई वाहनों, ऑटो पर लगे राजनीतिक पार्टियों के झंडे बैनर हटवाए।