फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड अंक सुधार परीक्षा का परिणाम घोषित हो गया है। जिले के 953 विद्यार्थियों को राहत मिली है। जो परीक्षार्थी बिना परीक्षा के मिले अंक से असंतुष्ट थे, उनमें अधिकांश विद्यार्थी अंक सुधार परीक्षा के रिजल्ट से संतुष्ट नजर आए। ज्यादातर परीक्षार्थियों के अंक मेहनत से दी गई परीक्षा के रिजल्ट में बढ़ गए हैं।
जिले में हाईस्कूल में 500 और इंटरमीडिएट में 453 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा के बाद रिजल्ट न आने से यह विद्यार्थी आगे की कक्षाओं में प्रवेश नहीं ले सके थे। यूपी बोर्ड ने वर्ष 2021 में बिना परीक्षा के प्रोन्नत किए गए परीक्षार्थियों को वर्ष 2022 की परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया है।
क्योंकि अंक सुधार परीक्षा में मिले अंक को ही अंतिम मानने के निर्देश बोर्ड से जारी किए गए थे। बोर्ड ने इस फैसले के साथ ही परीक्षा फार्म भरने की तारीख फिर बढ़ाकर अब 20 नवंबर कर दी है। वर्ष 2021 के परीक्षार्थी भले ही 2022 के परीक्षार्थियों के साथ परीक्षा देंगे, लेकिन उनके प्रमाणपत्र व अंकपत्र पर परीक्षा उत्तीर्ण का वर्ष 2021 ही लिखा जाएगा।
डीआईओएस बालमुकंद प्रसाद ने कहा कि अंक सुधार परीक्षा का रिजल्ट आ गया है। जिन छात्रों ने परीक्षा दी, वह 2022 परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। स्कूल प्रधानाचार्य अंक सुधार परीक्षा में शामिल हुए विद्यार्थियों के अगली कक्षा के फार्म भरवाएं।