शिकोहाबाद (ब्यूरो)। थाना शिकोहाबाद और जसराना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर बुधवार रात एटा-जसराना मार्ग पर चाय की पत्ती से भरा ट्रक लूटने वाले गिरोह के दो आरोपियों सतीश निवासी किलोड़ा (हापुड़) और चमन निवासी मोहल्ला सियवाली गली थाना कोतवाली देहात, हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश चाय पत्ती से भरे ट्रक के चालक और कंडक्टर के हाथ-पैर बांधकर उन्हें खेत में डालकर ट्रक लेकर भाग रहे थे।
एसएसपी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि एटा से एक 35 लाख रुपये की चाय की पत्ती भरकर बनारस जा रहा था। बुधवार रात एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर ग्राम सुरेला के नजदीक ट्रक सवार सात बदमाशों ने अपने ट्रक से ओवरटेक कर चाय की पत्ती से भरे ट्रक को ओवरटेक कर रोक लिया और ट्रक ड्राइवर बलवंत यादव और कंडक्टर गोलू सिंह पटेल निवासीगण ग्राम सिकंदरपुर थाना जमालपुर, मिर्जापुर को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। पिटाई के बाद बदमाश दोनों के हाथ-पैर बांधकर खेत में छोड़कर ट्रक लेकर फरार हो गए। हाथ-पैर खेालने के बाद पीड़ित चालक और कंडक्टर ने थाना जसराना में सूचना दी। सूचना पर एसएसपी ने एएसपी ग्रामीण अमर सिंह को आरोपियों की गिरफ्तारी और चेकिंग के निर्देश दिए। रात में ही जनपद की सीमाएं सील कर चेकिंग की गई। थानाध्यक्ष जसराना ने जसराना क्षेत्र में ट्रक रोकने का प्रयास किया लेकिन आरोपियों और चाय से पत्ती से भरा ट्रक तेज गति में निकल गए। इसके बाद आगे रोकने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बल प्रयोग कर लूटा गया ट्रक और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से दो तमंचे, कारतूस व लूटे गए दो मोबाइल बरामद हुए हैं। हालांकि आरोपियों के साथी अनिल, वीरपाल निवासी कोतवाली देहात बुलंदशहर, राजेंद्र जाटव निवासी हापुड़ एवं अन्य तीन भागने में सफल रहे।