उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में सोमवार को बोर्ड परीक्षा में दो सॉल्वर पकड़े गए। इन दोनों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यह सॉल्वर दसवीं की परीक्षा देने के एवज में पांच हजार, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के एवज में दस हजार रुपये वसूलते थे। खास बात यह है कि दोनों सॉल्वर शिकोहाबाद के ठाकुर तारा सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज से पकड़े गए हैं। अभी तक हुए पेपर में यह प्रशासन की टीम को चुनौती देने में सफल रहे थे।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और सचलदल की आंखों में यह धूल झोंकते रहे। सोमवार को आयोजित हाईस्कूल की विज्ञान और इंटरमीडिएट की गणित विषय की परीक्षा में सख्ती बरती गई तो दो सॉल्वर अलग-अलग पालियों में ठाकुर तारा सिंह इंटर कॉलेज में परीक्षा देते पकड़ में आए।
पांच हजार रुपये देने का आश्वासन मिला था
केंद्र व्यवस्थापक संजय तोमर ने बताया कि सॉल्वरों ने पूछताछ में बताया कि इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए दस हजार जबकि हाईस्कूल के लिए पांच हजार रुपये लेते हैं। इंटरमीडिएट के छात्र से तीन हजार रुपये एडवांस में कोचिंग संचालक से लिए थे। जबकि पहली पाली में इसी सेंटर पर पकड़े गए फर्जी परीक्षार्थी प्रदीप ने बताया कि परीक्षा देने के बदले में पांच हजार रुपये देने का आश्वासन मिला था। दो हजार रुपये एडवांस भी मिल गए थे।