फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर के रूपसपुर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो चालक की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं एनएचआई की टीम को बुलाकर दो घंटे तक रूट को डायवर्ट किया, जिससे अन्य हादसा न हो सके। ट्रक को भी हिरासत मेें ले लिया है। थाना शिकोहाबाद के गांव रामकुंआ भांडरी निवासी श्यामसुंदर (30) लोडर टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण किया करता था। सोमवार को देर रात वह फिरोजाबाद लोडिंग का सामान पहुंचाकर घर वापस जा रहा था। इसी दौरान मक्खनपुर क्षेत्र में रूपसपुर के समीप टेंपो में कोई खराबी आ गई। श्यामसुंदर सड़क किनारे खड़ा होकर टेंपो को ठीक करने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े टेंपो में टक्कर मारता हुआ डिवाइडर पर चढ़ गया।
ट्रक की टक्कर से टेंपो पलट गया और चालक उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर थाना पुलिस और एनएचआई की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं संकेतांक लगाकर हाईवे पर यातायात डायवर्ट किया गया। थाना प्रभारी शैलेंद्र चौहान ने बताया कि ट्रक को पकड़कर थाने पर खड़ा करा दिया है। मृतक के परिजन अभी कोई तहरीर नहीं दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।