फिरोजाबाद। धमकी भरा पत्र मिलने के मामले में जसराना थाना पहुंचे व्यापारी।
- फोटो : FIROZABAD
जसराना (फिरोजाबाद)। कस्बा के प्रमुख सराफा व्यापारी को धमकी भरा पत्र देकर दो लाख रुपये की मांग की गई। इस मामले में दो किशोर पकड़े गए हैं। व्यापारियों ने दोनों की पीटा इससे मामला गरमा गया है। थाने में दोनों तरफ से तहरीर दी गई है।
कस्बा जसराना के घिरोर रोड पर जगदीश सिंह पवार की जगदीश सिंह ज्वैलर्स के नाम से आभूषणों की दुकान हैं। मंगलवार की दोपहर सराफा व्यापारी को दो किशोरों ने एक गिफ्ट दिया। व्यापारी ने खोला तो पत्र मिला। पत्र पढ़ते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पत्र में दो लाख रुपये देने की मांग की गई थी।
न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। पत्र मिलने के बाद दहशत में आए व्यापारी ने अपने परिजनों एवं अन्य व्यापारियों को अवगत कराया। व्यापारियों ने पूरे मामले से पुलिस को अवगत कराया तो पुलिस ने भी आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी खंगाले। वहीं बृहस्पतिवार को पत्र देने वाले दोनों किशोर की पहचान कर व्यापारियों ने उनकी पिटाई लगा दी।
पिटाई के कारण घायल हुए किशोरों को पुलिस अपने साथ ले गई। किशोरों से तहरीर लेकर पुलिस ने उनका डाक्टरी परीक्षण कराया है। वहीं किशोरों की तरफ से मामला दर्ज कराने की जानकारी मिलने पर कस्बे के व्यापारी थाना पहुंचे और कार्रवाई करने की मांग की।
व्यापारी के पुत्र प्रवीन पवार ने कहा पत्र मिलने के बाद उनका पूरा परिवार दहशत में हैं। कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने कहा पत्र के मामले से दो किशोर को चिन्हिंत किया गया है। व्यापारियों द्वारा उनकी पिटाई लगाई गई है। दोनों तरफ से तहरीर मिली है। कार्रवाई की जा रही है।