हर मिनट 1830 लीटर ऑक्सीजन की व्यवस्था
- स्वास्थ्य विभाग का दावा : ऑक्सीजन की उपलब्धता किसी भी हालात से निपटने को पर्याप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग एक बार फिर अलर्ट मोड पर आ गया है। ऑक्सीजन की कमी को लेकर दूसरी लहर जैसे हालात न बनें, इसलिए के लिए जनपद में दस ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं। सभी प्लांट चालू हालत में हैं। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि इन प्लांटों से हर मिनट 1830 लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन होगा। वहीं सीएचसी-पीएचसी पर कंसंट्रेटर लगाए गए हैं।
चीन में कोरोना से हालात बिगड़े हैं। देश में भी बीएफ.7 के कई मरीज मिल चुके हैं। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्रालय ने अलर्ट जारी किया है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों और चिकित्सा अधीक्षकों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। दूसरी लहर में संक्रमित की संख्या के आगे अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन कम पड़ गए थे। इस बार ऐसे हालात पैदा न हो, इसके लिए जिले से लेकर शासन स्तर पर तैयारी चल रही है। जिले में तीन ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं। जिसमें मेडिकल कॉलेज का ऑक्सीजन प्लांट एक हजार लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन बनाएगा। इसके साथ ही जसराना का ऑक्सीजन प्लांट 330 और शिकोहाबाद संयुक्त अस्पताल में 500 लीटर प्रति मिनट क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट लगा है। इसके अलावा शहर के प्राइवेट अस्पतालों में भी ऑक्सीजन प्लांट लगे हैं।
--
अस्पतालों में मास्क किया अनिवार्य
कोरोना की आहट के बाद प्राइवेट अस्पतालों में मास्क को फिर से अनिवार्य कर दिया गया है। बिना मास्क के अस्पताल में प्रवेश नहीं दिया गया। ओपीडी में भी चिकित्सक मास्क में नजर आए।
----
कोविड के हालातों पर आज होगी बैठक
कोविड के हालातों पर प्रमुख आज सीएमओ के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद बैठक करेंगे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग तैयारियों को व्यापक स्तर पर करेगा। कल सभी कोविड अस्पतालों में मॉकड्रिल कराई जाएगी। इन अस्पतालों को फिर से व्यवस्थित किया जाने लगा है।
-----
ऑक्सीजन प्लांट चालू हालत में है। इन सभी प्लांटों से एक मिनट में 1830 लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन हो रहा है। इससे जिले में ऑक्सीजन की किल्लत नहीं होगी। इसके अलावा सीएचसी और पीएचसी पर मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए कंसंट्रेटर लगाए गए हैं। - डॉ. दिनेश प्रेमी, सीएमओ फिरोजाबाद।
----------
किस प्लांट की कितनी ऑक्सीजन उत्पादन क्षमता
प्लांट स्थल--- --क्षमता प्रति मिनट
स्वशासीय मेडिकल कालेज-- ---1000
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसराना-- 330
संयुक्त अस्पताल शिकोहाबाद - 500