फिरोजाबाद/खैरगढ़। गणतंत्र दिवस के मौके पर खैरगढ़ और रसूलपुर थाना क्षेत्र में हुए हादसों में वृद्धा सहित तीन की मौत हो गई। महिला व वृद्धा के शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। जबकि मृतक युवक के शव की पुलिस पहचान कराने के लिए प्रयास कर रही है।
खैरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कुबेरपुर की ठार हाथवंत निवासी 65 वर्षीय शीला देवी कंडे थापने के लिए गांव के पास से ही सड़क पार कर रही थी। तभी तेजगति से आ रहे बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और बाइक शीला देवी से टकरा गई। हादसे में शीला देवी गंभीर रुप से घायल हो गई। परिजन उसको उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। यहां उसकी मौत हो गई।
इस बीच बाइक छोड़कर युवक मौके से भाग गया। सूचना पर अस्पताल पहुंची खैरगढ़ थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। रसूलपुर थाना क्षेत्र के गांव मोढ़ा के समीप दो बाइक की भिड़ंत में प्रीति (28) पत्नी राजीव निवासी कुढ़ी खैरगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। महिला पति के साथ अपने ढाई वर्षीय पुत्र शोभित का प्लास्टर कटवाकर बाइक से घर जा रही थी। तभी हादसा हुआ।
सूचना पर रसूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रसूलपुर कमलेश सिंह का कहना है कि महिला की मौत सड़क हादसे में हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं सड़क हादसे में घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
युवक सड़क हादसे में घायल हुआ था। उसको उपचार के लिए शिकोहाबाद अस्पताल से सरकारी ट्रामा सेंटर भेजा गया था। अस्पताल कर्मचारियों ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाने के साथ ही पुलिस को सूचना दे दी है। जिससे युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा सके।