फिरोजाबाद। कांच इकाइयों में खपने वाली नेचुरल गैस के दामों में फिर से इजाफा हो गया। गैस के दामों में बढ़ोत्तरी के बाद माउथ ब्लोइंग इकाइयों में बनने वाले उत्पादों एवं सादा चूड़ी के दामों में भी एक बार फिर इजाफा होना तय माना जाना जा रहा है। गेल ने नवंबर माह के दूसरे गैस बिल में 3.17 पैसे प्रति घनमीटर की बढ़ोत्तरी की है।
गेल गैस इंडिया ने नवंबर माह के पहले पखवाड़े में कांच इकाइयों को जारी नेचुरल गैस का बिल 25.30 रुपये प्रति घनमीटर की दर के साथ जारी किए थे। इसके बाद नवंबर माह के दूसरे पखवाड़े का बिल शुक्रवार को जारी किया गया। दूसरा बिल प्रति घनमीटर 28.47 रुपये की दर से भेजा गया है।
गैस बिल में बढ़ोत्तरी के बाद शहर में माउथ ब्लोइंग कांच इकाइयों में बनने वाले कांच उत्पादों एवं सादा चूड़ी के दामों में भी इजाफा होने का संभावना जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, ताजा स्थिति पर चर्चा के लिए माउथ ब्लोइंग इकाई संचालकों ने शनिवार को आम बैठक बुलाई है। इसमें नेचुरल गैस के दामों में बढ़ोत्तरी के कारण उत्पन्न हालतों पर चर्चा की जाएगी। द ग्लास सिंडिकेट के अध्यक्ष हनुमान प्रसाद गर्ग ने कहा कि गैस की नई दरें कांच व चूड़ी उद्योग जगत पर विपरीत प्रभाव डालेंगी।