शिकोहाबाद। नगर के रोडवेज बस स्टैंड के समीप एक होटल के सामने कुछ युवकों ने एक युवक की कार से खींचकर पिटाई कर दी। युवक के कपड़े फाड़ दिये और कार के शीशे भी फोड़ दिये। दिनदहाड़े बीच सड़क पर हंगामा और मारपीट होते देख लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पीड़ित ने तहरीर दी है।
सागर एन्क्लेव निवासी मोंटू महाजन कार से पत्नी और बच्चों के साथ आगरा जा रहा था। कार को विपिन चला रहा था। जब कार रोडवेज बस स्टैंड के समीप पहुंची तभी कुछ युवक कार के आगे आ गये, जिस पर चालक ने कार को रोक लिया। इसी दौरान युवकों ने कार सवार मोंटू महाजन को खींच लिया और उसकी पिटाई कर दी। उसके कपड़े भी फट गये। मारपीट के दौरान भीड़ एकत्रित हो गई। किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस को आता देख हमलावर भाग गये।
घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना आपसी लेन-देन कोलेकर बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह का कहना है कि दो पक्षों में मारपीट हुई है। तहरीर मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।