फीरोजाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आरक्षण सूची दो सितंबर को जारी होगी। सोमवार को विकास भवन के साथ अफसरों के मोबाइल नंबर पर भावी उम्मीदवार संपर्क साधते रहे। जिला पंचायत के वार्डों का आरक्षण के साथ ही क्षेत्र पंचायत एवं ब्लाक प्रमुखों के पद के आरक्षण की जानकारी करने को उत्सुकता रही। हालांकि किसी को भी सही जानकारी नहीं मिल सकी। इधर बूथों को बढ़ाने एवं सूची को दुरुस्त करने का काम चलता रहा।
पंचायत चुनाव की आरक्षण सूची को लेकर धड़कनें गांव-गांव तेज हो गईं। किसी भी तरह से उनकी पंचायत कहीं आरक्षित तो नहीं हो गई इसका पता लगाने का हर संभव प्रयास होता रहा। कोई विकास भवन तो कोई ब्लाकों में चक्कर लगाते दिखाई दिए। अधिकारियों ने आरक्षण प्रक्रिया को पूरी तरह से गोपनीय रखा है। हालांकि अभी डीएम के ही हस्ताक्षर होने के बाद ही आरक्षण फाइनल होगा। पंचायती राज विभाग की टीम ने आरक्षण सूची तैयार की है उसकी क्रास चेकिंग कराई है। क्रास चेकिंग में कहीं कोई खामी मिली तो उसमें बदलाव हो सकता है। यदि खामी नहीं मिली तो फिर पहले से तैयार की सूची पर ही हस्ताक्षर होंगे। सत्ताधारी दल से जुड़े नेता तो सीधे डीएम एवं सीडीओ तक को फोन करते रहे। सीडीओ के लखनऊ मीटिंग में जाने तथा डीएम के बाहर होने के ही कारण उन्हें कोई सफलता नहीं मिल सकी। कुछ नेता तो देर शाम तक अफसरों के घरों की ओर पहुंचे। डीपीआरओ बनवारी सिंह ने कहा है कि आरक्षण सूची दो सितंबर को जारी होगी। मुख्यालय के साथ सभी ब्लाक मुख्यालयों पर चस्पा कराई जाएगी। ताकि ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों एवं जिला पंचायतों के वार्डों के साथ ब्लाक प्रमुख का पद किसके लिए आरक्षित होगा इसका पता चल सके।
मतदाता सूची की आपत्तियों का निस्तारण
फीरोजाबाद(ब्यूरो)। तहसीलों में पंचायत चुनाव में प्रयोग होने वाली मतदाता सूची की आपत्तियों का निस्तारण करने के साथ ही उन ग्राम पंचायतों पर तहसील की टीमें दस्तक दे रहीं हैं। जिन पंचायतों में ईपिक रेशियों में अभी तक सुधार नहीं हुआ है। ऐसी पंचायतों में मृतकों के नाम काटने के साथ ही डबल नामों को हटाने का काम किया जा रहा है। सदर तहसील में 13 बूथों को बदलने का प्रस्ताव तैयार कर लिया। टूंडला, शिकोहाबाद एवं जसराना क्षेत्र में बूथों को स्थानांतरित करने तथा नए बूथों का चयन करने की कवायद चलती रही। इधर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र शर्मा ने कहा कि पांच सितंबर को सूची का फाइनल प्रकाशन होगा। इससे पूर्व ही आपत्तियों का निस्तारण करके तहसीलों को रिपोर्ट भेजनी होगी।
70 मिले ऑनलाइन आवेदन
फीरोजाबाद(ब्यूरो)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में नाम शामिल कराने को प्रशासन को 70 आवेदन तो ऑनलाइन मिले हैं। एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने ऑनलाइन मिले आवेदन फार्मों को सभी एसडीएम को जांच करने एवं निस्तारण के आदेश दिए हैं।