संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जसराना देहात के राशन डीलर अनिल कुमार को राशनकार्ड धारकों को सामिग्री आवंटन के लिए दो तौल मशीनें लगाना महंगा साबित हुआ। शिकायत मिलने पर इसकी पूर्ति निरीक्षकों से जांच कराने के बाद इसकी रिपोर्ट एसडीएम जसराना सुदर्शन कुमार से मंगाने के साथ राशन विक्रेता अनिल को दोषी पाते हुए उसकी दुकान का आवंटन पत्र तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का आदेश दिया है।
जसराना देहात के राशन डीलर अनिल कुमार के खिलाफ नगला पीपल निवासी रवींद्र सिंह ने ग्रामीणों के साथ मिलकर शिकायत की थी कि उक्त राशन डीलर के द्वारा राशन सामिग्री कम दिए जाने के लिए दो मशीनों का प्रयोग करता है। इसके साथ अन्य शिकायतें शपथपत्र के साथ राशनकार्ड धारकों की ओर से की गई थी। इसकी जांच क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मुख्यालय एवं सदर तहसील के पूर्ति निरीक्षक के द्वारा जांच की गई थी। 5 मई 2025 को राशन विक्रेता अनिल कुमार ने स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया था। डिप्टी कलेक्टर सुदर्शन कुमार ने मामले की जांच की। 21 जुलाई 2027 को इसकी जांच पड़ताल की थी। उन्होंने कहा कि शिकायत कर्ता रवींद्र सिंह ने कहा कि राशन दुकानदार अनिल कुमार लोहे के बांट से तौलकर पर्ची निकालता है और दूसरे प्राइवेट कांटे से तौलकर राशन सामिग्री देता है। प्राइवेट कांटे में 700 ग्राम प्रति यूनिट वजन कम निकल रहा है। एडीएम वित्त एवं राजस्व एवं प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विशुराजा ने उक्त दुकान के अनुबंधपत्र को निरस्त करने एवं समस्त प्रतिभूति धनराशि को शासन के पक्ष में जमा करने के आदेश दिए हैं।