प्रधानों ने की पंचायतों के अधिकार बढ़ाने की मांग
फिरोजाबाद। जिले के प्रधानों ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर पंचायत अधिकार महारैली निकाली। प्रधानों ने मुख्यमंत्री के नाम 12 सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। अधिकांश पंचायतों के प्रधान व उनके प्रतिनिधि शामिल रहे।
प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जिला मुख्यालय पहुंचे प्रधान संघ ने हर माह डीएम व एसपी की अध्यक्षता में पंचायत दिवस आयोजन की मांग की। संघ जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव के नेतृत्व में प्रधानों ने मुख्यमंत्री से ग्राम पंचायतों को कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकार बढ़ाने की मांग की है। प्रधानों 1993 में पारित संविधान संशोधन विधेयक के अनुसार 29 विषयों पर अधिकार बढ़ाने, कोष संचालन एवं सत्ता विकेंद्रीकरण की व्यवस्था लागू करने, पंचायत से जुड़े राजस्व कर्मी, पंचायत कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राशन विक्रेता एवं सरकारी विद्यालयों में अध्यापन कर रहे शिक्षकों की उपस्थिति, कार्य प्रमाणन, निलंबन की संस्तुति सहित सभी मामलों में ग्राम पंचायतों को पूर्ण अधिकार देने की मांग दोहराई। इसके अलावा प्रधानों के विरुद्ध किसी भी मामले में अभियोग पंजीकृत कराने से पूर्व उप निदेशक पंचायतीराज से अनुमति प्राप्त कराने का प्रावधान लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। प्रधानों ने हाईवे से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च भी किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष राहुल यादव, ब्लाक अध्यक्ष होशियार सिंह यादव, पवन कुमार, आशादेवी, राजमणि यादव, पुष्पेद्र यादव,अतुल प्रताप सिंह, वीरपाल सिंह, राकेश कुमार, सुलेमान अली, सुबेदार राठौर, सुशील कुमार और लाखन सिंह यादव आदि मौजूद रहे।