पिछले चार माह से मंद चल रहे बाजार ने त्योहारी सीजन शुरू होते ही तेजी पकड़ ली है। दशहरे को लेकर बाजारों में चहल-पहल शुरू हो चुकी है। दशहरा खत्म होने के बाद करवाचौथ से बाजार गुलजार रहेगा। चौथ के बाहर दीपावली। ऐसे में आगामी एक माह तक फेस्टिवल सीजन के कारण बाजार में रौनक बने रहने की व्यापारियों को उम्मीद है।
सुहागनरी के बाजारों में रौनक बढ़ने और कांच समेत अन्य कारोबार में तेजी आने के बाद दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं। पिछले चार माह से मंदी की मार झेल रहे दुकानदारों को भी त्योहारी मौसम से बड़ी उम्मीद हैं। आर्थिक जगत से जुड़े माहिरों का कहना है कि दशहरा, दीपावली के बाद नए वर्ष से लेकर मार्च तक विवाह-शादियों का सीजन के कारण बाजार में चहल-पहल रहेगी। कांच उद्योग में भी गरमी आई है। बाहर के लिए आर्डर बढ़ने से व्यापार जगत में भी सक्रियता है। दीवाली तक इसके और अधिक होने की उम्मीद हैं।
कांच उद्यमी और लेजर ग्लास के हेमंत अग्रवाल ‘बल्लू’ ने बताया कि पिछले कई महीनों से बाजार पूरी तरह से ठंडा था लेकिन, त्यौहारी सीजन शुरू होते ही दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं। उन्होंने बताया कि बाहर के लिए माल की रवानगी तेज हो गई है।
शास्त्री मार्केट स्थित पीआर ज्वैलर्स के संचालक पंकज अग्रवाल ने कहा कि लंबे समय से शहर के व्यापारी व कारोबारी त्यौहारी सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। पिछले बार की तुलना इस बार सीजन लंबा चलेगा। इसका आर्थिक तौर पर सभी को लाभ होगा।
कपड़ा कारोबारी जीजाजी अमीर क्लाथ हाउस के मालिक अशोक कुमार जैन ने कहा कि पिछले सप्ताह मौसम में गर्मी थी लेकिन शनिवार से ठंडक है। ऐसे में लोग खरीदारी को बाहर निकल रहे हैं। ठंड का मौसम लंबा चलने की उम्मीद है, जिससे कारोबार से जुड़े लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
शास्त्री मार्केट में पार्लर चला रही हेमा बेहरवानी ने बताया कि दशहरा और करवाचौथ को लेकर आर्डर आ रहे हैं। बाजार में ग्राहकों का आवागमन शुरू हो चुका है। कई स्थानों पर तो दीपावली तक की बुकिंग अभी से मिल रही हैं।
चूड़ी कारोबारी पीके जिंदल की माने तो चूड़ी का बाजार अभी तक मध्यम था लेकिन त्योहारों की आहट और करवाचौथ की शुरू होती खरीदारी ने मांग बढ़ा दी है, शहर के बाहर भी बड़ी मात्रा में आर्डर लगे हुए हैं।