शव दफन की सूचना पर पुलिस को कवायद करनी पड़ी। जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने गड्ढे की खोदाई कराई तो गोवंश दबा मिला। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस लेते हुए गड्ढे को बंद करा दिया।
दक्षिण पुलिस को बुधवार शाम करीब छह बजे सूचना मिली कि मंगलवार रात कुछ लोगों ने नगला भाऊ स्थित पेट्रोल पंप के पीछे किसी व्यक्ति का शव को दफन कर दिया है। सूचना पर श्रमिक नेता भूरी सिंह यादव पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर ताजा मिट्टी को देखकर पुलिस का माथा ठनक गया। घटनास्थल के निकट कारखाने के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे को पुलिस ने खंगाला तो रात करीब 12 बजे एक कार, जेसीबी मशीन और मिट्टी का कैंटर एक साथ जाते हुए भी नजर आए। पुलिस ने आलाधिकारियों को अवगत कराते हुए गड्ढे की खोदाई जेसीबी मशीन से शुरू कराई। करीब आधा घंटे की खोदाई के दौरान मिट्टी में दबी चुंदरी वाली साड़ी देख पुलिस को शक हुआ कि गड्ढे में महिला का शव है। पुलिस ने जेसीबी मशीन से खोदाई बंद कराते हुए फावड़े से खुदाई कराई तो उसके अंदर गोवंश दबा नजर आया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस लेते हुए अधिकारियों को अवगत कराते हुए गड्ढा बंद करा दिया।