अफवाह के चलते आज शुक्रवार की रात 8 बजे कटरा बाजार, पत्थर मंडी, नारायण तिराहा पर नमक सौ रुपये किलो बिका। कटरा बाजार स्थित एक किराने की दुकान पर सैकड़ों की संख्या में लोग नमक के लिए पहुंच गये। इससे दुकान पर अफरातफरी फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
उस समय कटरा बाजार में प्याऊ के सामने राजकुमार ध्रुवकुमार की किराना की दुकान खुली हुई थी। सैकड़ों लोग नमक लेने पहुंच गये। यहां नमक के लिए मारामारी मच गई। दुकानदार ने मौके का फायदा उठाते हुए 20 रुपये की जगह 100 रुपये प्रति किलो नमक की थैली बेची। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दुकान को बंद करा दिया और वहां एकत्रित लोगों को हटाया। यही हाल पत्थर मंडी व श्रीगंज मंडी में भी हुआ। श्रीगंज मंडी में नमक की थेक की दुकानें हैं। यहां भी लोग बड़ी संख्या में नमक लेने पहुंच गये। नारायण तिराहा व मोहल्लों में स्थित दुकानों पर देर शाम तक लोग नमक की खरीदारी कर रहे थे।