शिकोहाबाद। उधारी के रुपये मांगना एक कारोबारी को भारी पड़ गया। रुपये उधार लेने वाले ने कारोबारी के गोदाम में घुसकर पीटा। आरोप है कि जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला एटा रोड स्थित मोहल्ला नगला कुंवर प्रसाद का है। अश्वनी गुप्ता ने बताया कि मोहल्ले के ही सीपू और दीपू ने उससे रुपये उधार लिए थे। जिनमें से कुछ रुपये उसने वापस कर दिए। शेष रुपयों को देने में आनाकानी कर रहे थे। शनिवार रात लगभग साढ़े आठ बजे उसने सीपू से उधार लिए हुए रुपये वापस करने के लिए कहा।
आरोप है कि इसी बात से आक्रोशित होकर सीपू ने अपने भाई दीपू और दो अन्य लोगों के साथ गाली-गलौज कर दी। विरोध करने पर लोग मारने को दौड़े। भयभीत होकर पीड़ित अपने गोदाम में जाकर काम करने लगा। लेकिन दबंगों ने उसे गोदाम में घुसकर बेरहमी से पीटा। इससे उसके गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने मामले को शांत कराया। पुलिस एक युवक को हिरासत में लिया है।
पीड़ित ने पुलिस से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह ने बताया कि कारोबारी की तहरीर पर मेडिकल कराकर सीपू और दीपू निवासी नगला कुंवर प्रसाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।