फीरोजाबाद। ब्रेक फेल होने के कारण इटावा डिपो की बस नेशनल हाईवे पर खड़े विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में दर्जनों यात्री घायल हो गए। हादसा होते ही पुलिस के साथ क्षेत्रीय लोग मौके पर पहुंच गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इटावा डिपो की बस (यूपी 75एम 2538) इटावा से सवारियां लेकर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे आगरा जा रही थी। ओवरब्रिज से नीचे उतरते समय बस के ब्रेक फेल हो गए और चालक बस से संतुलन खो बैठा। बस हाईवे स्थित डिवाइडरों के बीच लगे विद्युत पोल से जोरदार आवाज के साथ टकरा गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। तभी मौका पाकर चालक और परिचालक भाग गए। यात्रियों की चीख पुकार सुनकर हाईवे पर यातायात व्यवस्था रुक गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। राहगीरों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। सूचना पर कोतवाल उत्तर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने क्रेन के माध्यम से बस को हाईवे से हटाकर किनारे खड़ा कराया। उधर, जिला अस्पताल में दयासरन निवासी जसवंतनगर, ओमवती निवासी भगवानपुरा, अजीत निवासी पंजाबी कालोनी इटावा, कृपाशंकर निवासी इटावा, सराफत अली निवासी इटावा और अनिल कुमार गुप्ता निवासी मथुरा नगर थाना उत्तर को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।