शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव शहजलपुर निवासी एक युवक को गांव की ही लड़की से प्रेम करना और फिर उससे कोर्ट मैरिज करना भारी पड़ गया। प्रेमिका के परिजनों ने बीती रात युवक को रास्ते में घेर लिया और उस पर जानलेवा हमला किया, जिसमें उसके गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित परिजन युवक को लेकर अस्पताल आए, जहां से उसे रेफर कर दिया।
न्यूकुंज शहजलपुर निवासी कुलदीप (22) की गांव की ही एक युवती से नजदीकियां बढ़ गई। दोनों में धीरे-धीरे प्रेम परवान चढ़ गया और दोनों ने घर से भाग कर कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद दोनों आकर अपने घर रहने लगे। घायल के पिता का आरोप है कि बीती रात जब कुलदीप खेत से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे प्रेमिका के परिवारीजनों ने पकड़कर बेरहमी से पीटा और फायर भी किया, जिससे उसके शरीर में छर्रे के निशान दिखाई दे रहे थे।
घटना की जानकारी होते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमिका के घर पर दबिश दी लेकिन प्रेमिका के परिजन मकान का ताला लगा कर भाग गए। उधर पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने परीक्षण के बाद युवक को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने प्रेमिका के परिवार के तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।