टूंडला। नगर के कपड़ा व्यापारियों से तगादे की उगाही कर लौट रहे आगरा के थोक कपड़ा व्यवसायी से स्कूटर सवार बदमाशों ने डेढ़ लाख रुपये नकदी से भरा बैग लूट लिया। दिनदहाड़े थाने के पास हुई इस घटना से लोग दहशत में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला।
आगरा के थाना लोहामंडी के खतैना रोड निवासी माधव कुमार होतवानी का आगरा के सुभाष बाजार स्थित अजीत मार्केट में एमजी साड़ी सेंटर के नाम से कपड़े का थोक व्यापार है। सोमवार को आगरा में बंदी दिवस होने पर वह टूंडला में उधारी की उगाही करने आते हैं। सोमवार शाम चार बजे करीब वह कपड़ा व्यापारियों से तगादा वसूलते हुए थाने के निकट फाल्स सिंह मार्केट की एक कपड़े की दुकान पर जा रहे थे। तभी स्कूटर सवार दो बदमाशों ने उनसे रुपयों से भरा बैग लूट लिया। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने हवा में हथियार भी लहराए। माधव ने शोरगुल किया तो आसपास के लोग जमा हो गए। इस बीच लुटेरे सुभाष चौराहे की ओर भाग गए। उनका पीछा भी किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। माधव ने बताया कि एक बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधे था। पुराने स्कूटर पर मात्र सात का ही अंक दिखाई दे रहा था। पूरे मामले से थाना पुलिस को अवगत कराते हुए तहरीर दी है। घटना के बाद पुलिस ने व्यवसायी को साथ लेकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। दिनदहाड़े थाने के निकट हुई इस घटना से नगर के लोग दहशत में हैं तो वहीं व्यवसायियों में रोष है। कपड़ा व्यापारियों ने थाने पहुंचकर पुलिस से घटना का खुलासा और बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की है।