मक्खनपुर (फिरोजाबाद)। शिकोहाबाद तहसील के ग्राम घुनपई के ग्रामीणों को धरना बुधवार को भी जारी रहा। धरना दे रहे ग्रामीणों का आरोप है कि तहसील प्रशासन दबंगों के इशारे पर नापजोख का काम कर रहा है।
जब तक हमें न्याय नहीं मिल जाता तब तक हमारा धरना जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री कार्यालय में जाकर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। घुनपई में सिक्सलेन हाईवे के किनारे स्थित भूमि पर दबंगों के द्वारा कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए धरना दिया जा रहा है। पिछले पांच दिनों से चल रहे धरने के बाद तहसील प्रशासन द्वारा उक्त जमीन की दो दिन तक पैमाइश की गई।
इस दौरान तहसीलदार शिकोहाबाद कीर्ति चौधरी के साथ लेखपाल, कानूनगों के साथ पुलिस फोर्स भी मुस्तैद रहा। तहसीलदार के अनुसार भूमि की पैमाइश का काम पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि कहां कितनी भूमि है इसको चूना डालकर निर्धारण कर दिया है। इसकी जानकारी भी धरना स्थल पर बैठे लोगोंं को दे दी है। वहीं धरना दे रहे परिवार का कहना है कि तहसील प्रशासन की ओर से मनमानी की जा रही है। धरना दे रहे मुकेश कुमार का आरोप है कि तहसील की टीम विपक्षियों से मिली हुई है। धरनास्थल पर प्रवीण कुमार, सीता देवी, अशोक कुमार, केशव सिंह, मेहताब सिंह, सतीशचंद्र, सरिता चौहान के साथ ही अन्य लोग शामिल थे। पीड़ित का कहना है विपक्षी पार्टी का परिवार का प्रधान रहा था। उसे प्रधान ने ग्राम सभा की जमीन को अपने ही परिजन के नाम ग्रामसभा की जमीन के पट्टे काट दिए थे।
अगर नाप की जाए तो चार बीघा खेती अभी ग्राम सभा की और निकलेगी। हम अपनी मांग को लेकर लखनऊ जाकर प्रदर्शन करेंगे। पीड़ितों का कहना है कि जिस तहसील से शिकायत थी, उसी तहसील के स्टाफ से पैमाइश की। जिला प्रशासन को चाहिए कि जिला स्तरीय टीम बनाकर भूमि की पैमाइश कराई जाए। ताकि हकीकत सामने आ सके। धरने पर बैठे छह परिवार की महिलाएं बिलख पड़ी। उन्होंने डीएम से न्याय की मांग की है।