सिरसागंज। अरांव थाना क्षेत्र के ग्राम नगला लेखराज में मंगलवार सुबह अपने घर की छत पर पानी से तराई कर रहा एक किशोर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि किशोर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
नगला लेखराज निवासी किशोर का तराई के दौरान अचानक हाथ या पानी की धार विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे जोरदार धमाके के साथ वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों ने घायल किशोर को तत्काल अरांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने किशोर को फिरोजाबाद जिला अस्पताल (ट्रॉमा सेंटर) रेफर कर दिया।