नगर निगम के लेखाधिकारी निलंबित
नगर निकाय निदेशालय से रहेंगे संबद्ध, प्रमुख सचिव ने दिए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। नगर निगम फिरोजाबाद के लेखाधिकारी राजीव कुमार चौधरी को नगर विकास अनुभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर नगर निगम को आर्थिक क्षति पहुंचाने के साथ-साथ पदीय दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करने के साथ-साथ अभद्र व्यवहार किए जाने संबंधी शिकायतें हैं। निलंबन अवधि के दौरान वह निदेशालय में संबद्ध रहेंगे।
लेखाधिकारी राजीव कुमार चौधरी के खिलाफ शासन को लगातार शिकायतें मिल रहीं थी। लेखाधिकारी पर 17 फरवरी को दिए गए निर्देशों की अवहेलना की भी शिकायतें मिलीं थीं। अपर नगर आयुक्त फिरोजाबाद से साथ अभद्र व्यवहार करने के साथ ही गैर अनुशासनिक व्यवहार की भी बात सामने आई है। लेखाधिकारी के द्वारा बरती गई लापरवाही की शिकायतें शासन तक पहुंची थी। इन्हीं शिकायतों के चलते शासन के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने राज्यपाल के निर्देश पर निलंबित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निलंबन अवधि के दौरान निकाय अनुभाग के निदेशालय से संबद्ध रहेंगे। अपर नगर आयुक्त अरविंद राय ने कहा कि शासन की ओर से निलंबन की कार्रवाई की गई है।