संक्रमित मिली सुहागनगरी की बालिका
फिरोजाबाद। नोएडा के अस्पताल में भर्ती जनपद की एक किशोरी को कोरोना की पुष्टि हुई है। सुहागनगरी में करीब दो माह बाद कोरोना का मरीज मिला है। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत बालिका के घर टीम भेजकर जांच कराई। बालिका के संपर्क में आने वाले सात लोगों के सैंपल लिए। इसके बाद इन लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया।
सिरसागंज के मोहल्ला गांधी मंडी की 13 वर्षीय बालिका के हाथ-पैर सुन्न होने के कारण परिजनों ने उसे करीब एक सप्ताह पहले दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां से चिकित्सकों ने बच्ची को नोएडा के एक अस्पताल में रेफर कर दिया। 28 दिसंबर को अस्पताल में किशोरी की कोरोना जांच हुई तो वह संक्रमित मिली। इसके बाद चिकित्सकों ने इसकी सूचना तत्काल जनपद के स्वास्थ्य विभाग को दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश प्रेमी के निर्देश पर टीम ने किशोरी के परिजनों के अलावा संपर्क में रहे लोगों की जानकारी ली। बालिका के संपर्क में आए सात लोगों के टीम ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए।
सावधानी बरतें
जिले की बालिका नोएडा के एक अस्पताल में कोरोना संक्रमित पाई गई है। बालिका के संपर्क में आए लोगों की जांच कराने के लिए सैंपल ले लिया है। सभी से अपील है कि सावधानी बरतें। -डॉ. दिनेश प्रेमी, सीएमओ