फिरोजाबाद। लेबर कालोनी रेलवे फाटक के पास मिले शव की शुक्रवार को शिनाख्त परचून दुकानदार सुरेश नवलानी के रूप में हुई। जीआरपी थाना प्रभारी ने शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया।
लेबर कालोनी फाटक के पास बृहस्पतिवार को एक युवक का शव पड़ा मिला था। जानकारी होने पर जीआरपी थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने मौके पर जांच पड़ताल करने के बाद शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया। जीआरपी थाना पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी थी। शुक्रवार को शव की शिनाख्त थाना लाइनपार के लेबर कालोनी निवासी परचून दुकानदार सुरेश नवलानी (48) पुत्र किशनलाल नवलानी के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि वह दुकान पर जाने के लिए घर से निकले थे। आशंका है कि इसी दौरान रेलवे लाइन क्रॉस करते समय किसी ट्रेन की चपेट में आ जाने के कारण मौत हो गई। परिजनों ने शव की शिनाख्त किए जाने के साथ ही थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया। बताते हैं कि मृतक के एक बेटा है।