टूंडला। बारिश के बाद वायरल, मलेरिया, व डेंगू बुखार तेजी से फैल रहा है। शनिवार सुबह कक्षा सात में पढ़ने वाले एक छात्र की बुखार के चलते उपचार के दौरान आगरा में मौत हो गई। परिजन ने छात्र को डेंगू होने की बात कही है।
थाना क्षेत्र गांव नागऊ निवासी धीरेंद्र शर्मा का पुत्र श्लोक शर्मा (13) उसायनी स्थित श्रीमती राजरानी विद्या मंदिर में कक्षा सात का छात्र था। परिजन ने बताया कि तीन पूर्व वह स्कूल से घर आया तो उसे बुखार था। बुखार आने पर चिकित्सक से दवा दिलाई थी। बुखार न जाने पर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिला अस्पताल में हालत बिगड़ने पर उसे आगरा ले गए थे।
परिजन ने बताया कि शनिवार सुबह 6 बजे करीब उपचार के दौरान आगरा में उसकी मौत हो गई। चिकित्सीय रिपोर्ट के अनुसार उसकी प्लेटलेट गिरती चली जा रही थीं। साथ ही जांच में डेंगू बुखार की पुष्टि हुई थी। एसीएमओ व नोडल अधिकारी संचारी रोग नियंत्रण अभियान डॉ. पवन कुमार ने बताया कि इस गांव में अभी तक डेंगू की कोई भी रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है। टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।