एटा रोड पर पलटी भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, लगा रहा जाम
क्रेन से ट्रॉली को हटाया, एक घंटे परेशान रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। एटा रोड पर मंगलवार सुबह टूंडला से अवागढ़ जा रही भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई। इसके चलते एटा रोड पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाया तब कहीं जाकर जाम खुल सका। जाम लगने से करीब एक घंटे तक सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे।
घटना मंगलवार सुबह 10 बजे करीब की है। टूंडला से ट्रैक्टर चालक सुनील कुमार निवासी महाराजपुर थाना एका भूसा लेकर अवागढ़ जा रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली एटा रोड पर थाना पचोखरा के गांव श्रीनगर के पास पहुंचा तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर-ट्रॉली रोड पर ही पलट गई। भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच मार्ग पर पलटने से एटा रोड पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने जाम की स्थिति को देखते हुए क्रेन को बुलवाया। क्रेन से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाया। करीब एक घंटे बाद जाम खुल सका। इस दौरान रोड पर दोनों ओर वाहनों की लाइनें लगीं रहीं। जाम में फंसे वाहनों में सवार लोग खासे परेशान रहे। थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से जाम लग गया था। क्रेन से उसे उठवाकर जाम खुलवाया।