गुजरात पुलिस ने दी दस्तक, सीसीटीवी फुटेज किए हासिल
फिरोजाबाद। दो माह पूर्व चोरी की गई कार की तलाश में शुक्रवार को गुजरात के थाना भावनगर की पुलिस शुक्रवार को नगर निगम पहुंची। आसफाबाद चौराहे पर चोरी हुई कार का ई-चालान होने पर गुजरात पुलिस को सुराग लगा। हाथ आये सुराग के आधार पर गुजरात की पुलिस इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के जरिये कार के फुटेज एकत्रित कर वापिस लौट गई।
7 जनवरी 2025 को गुजरात के भावनगर जनपद के बोरतालाब थाना क्षेत्र में जीजे- 04-ईजे- 1935 नंबर की अर्टिगा कार चोरी हुई थी। इस प्रकरण में गुजरात पुलिस खोजबीन में जुटी है। बीते दिनों गुजरात से चोरी हुई कार स्थानीय आसफाबाद चौराहे पर आईटीएमएस कैमरे में कैद हो गई। रेड लाइट जंप करने पर कार का ई-चालान हो गया। वहीं चोरी हुई कार का फिरोजाबाद में ई-चालान होने की जानकारी मिलते ही गुजरात पुलिस ने शुक्रवार को फिरोजाबाद में दस्तक दी। महिला सब इंस्पेक्टर एन.वी. ढाबी के नेतृत्व में भावनगर गुजरात की पुलिस ने आईटीएमएस प्रबंधक अजीत बुंदेला से मुलाकात कर चोरी हुई अर्टिगा कार के फुटेज आदि एकत्रित किए। कार के फुटेज आदि एकत्रित करने के बाद वापिस लौट गई।
कार चोरी से जुडे किसी प्रकरण की जांच को गुजरात पुलिस फिरोजाबाद आई थी। आसफाबाद चौराहा पर कार का ई-चालान की जानकारी है। अधिकारियों के निर्देश पर टीम को कार के फुटेज आदि उपलब्ध करा दिये हैं।
अजीत सिंह बुंदेला, प्रभारी आईटीएमएस