शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र के मोहल्ला गंगा नगर में एक सूने मकान का ताला तोड़ कर अज्ञात चोर कमरे में रखे संदूक से लाइसेंसी बंदूक व दस कारतूस चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी शनिवार सुबह सात बजे हुई, जब परिवार के लोग शादी समारोह से घर आए। पीड़ित ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर एसपी ग्रामीण डॉ. अखिलेश कुमार सिंह पहुंच गए और उन्होंने पीड़ित से पूछताछ की।
मोहल्ला गंगानगर निवासी प्रदीप गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते है। उसके पास लाइसेंसी बंदूक है। प्रदीप दो माह पूर्व एचडीएफसी बैंक में गार्ड की नौकरी करता था। प्रदीप ने बताया शुक्रवार रात आठ बजे वह परिवार के साथ भांजी की शादी में मोहल्ला गढैया स्थित अग्रवाल धर्मशाला गया था। दरवाजे पर ताला लगा दिया था। जब शनिवार सुबह सात बजे घर लौटा तो ताला टूटा देख हैरान रह गया। अंदर कमरे का सामान भी बिखरा पड़ा था।
जब उसने संदूक को खोला तो उसमें रखी बंदूक और कारतूस गायब थे। पीड़ित ने डॉयल 112 पर घटना की जानकारी दी। एसपी ग्रामीण, डॉग स्क्वायड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ग्रामीण अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि घर से एक बंदूक व कारतूस चोरी हुए है। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर जांच की जा रही है। शीघ्र ही लाइसेंसी असलहा को बरामद कर लिया जाएगा।