सिरसागंज को तहसील बनाने का फीरोजाबाद, शिकोहाबाद एवं जसराना में विरोध तेज हो गया। बुधवार को जसराना में अधिवक्ताओं ने सीडीओ की गाड़ी रोकी तो शिकोहाबाद में तहसील तिराहे पर जाम लगाकर विरोध किया। वकीलों ने अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया। फीरोजाबाद तहसील बार के द्वारा गांव काटने का विरोध किया।
तहसील बार एसोसिएशन फीरोजाबाद ने सदर तहसील क्षेत्र की तीन न्याय पंचायतों के 16 गांवों को शिकोहाबाद तहसील में शामिल करने का विरोध किया। उन्होंने पुर्नविचार की मांग की। प्रदर्शन करने वालों रामकुमार मिश्र, अतिवीर सिंह, विनोद यादव, विजय यादव, मान सिंह, राकेश कुमार वर्मा, रमेशबाबू, अमोद यादव एडवोकेट के साथ काफी अधिवक्ता मौजूद थे। अध्यक्षता भीकम पाल गौतम व संचालन अशोक कुमार शर्मा ने किया।
शिकोहाबाद में सिरसागंज को तहसील बनाने के विरोध में अधिवक्ताओं ने तहसील में बैठक के बाद तिराहे पर जाम लगा दिया। जाम से स्टेशन रोड, कटरा बाजार व रोडवेज बस स्टेंड मार्ग पर वाहनों की कतारें लग गईं। कहा नव सृजित तहसील सिरसागंज की जो भौगोलिक स्थिति बनाई गई वही गलत है। न्याय पंचायत डाहिनी, केशरी, नौशहरा, असुआ शिकोहाबाद से पांच किलोमीटर ही दूर हैं। जाम स्थल पर पहुंचे एसडीएम रवींद्र सिंह को राज्यपाल को ही संबोधित ज्ञापन दिया।
जसराना तहसील के अधिवक्ताओं ने 92 गांव काटने के विरोध में सीडीओ सुजीत कुमार की गाड़ी रोक ली। तहसील प्रांगण में धरना व प्रदर्शन किया। अधिवक्ता के साथ स्टांप बैंडरों एवं बैनामा लेखक थे। चेतावनी दी अगर शासन ने गांवों को अलग करने का निर्णय नहीं लिया तो उग्र आंदोलन होगा। बार के अध्यक्ष ओमकार सिंह यादव, नीलकमल यादव, अजब सिंह यादव, नंदकिशोर भारतीय, बलबीर सिंह, ब्रजकिशोर उपाध्याय, कृपाल सिंह यादव थे।
सिरसागंज के अधिवक्ताओं ने किया हड़ताल का विरोध
सिरसागंज को तहसील बनाने के सरकार के प्रस्ताव का वहां के अधिवक्ताओं ने स्वागत किया है। अधिवक्ता प्रवीन कुमार चतुर्वेदी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में हड़ताल करने का विरोध किया। कहा रेवेन्यू वार द्वारा सिरसागंज तहसील बनाने के विरोध में जो हड़ताल की जा रही है उसका विरोध करते हैं। शिवेंद्र यादव, नरेंद्र प्रताप सिंह, राजीव कुमार यादव, हनुमंत कठेरिया, ठा. यशवंत सिंह, अशोक सक्सेना, दिलासा राम राजपूत, कमलेश राजपूत, अनुज कुमार थे।