शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। इटावा के थाना क्षेत्र जसवंत नगर के गांव निलोई निवासी रामू और अनुज सब्जी का व्यापार करते हैं। देर रात आगरा मंडी से सब्जी लेकर जसवंत नगर के लिए आ रही मैक्स अनियंत्रित होकर प्रतापपुर चौराहे के समीप ओवर ब्रिज पर पलट गई, जिससे मैक्स सवार दोनों व्यापारियों की मौत हो गई। वहीं उन्हें देखने दूसरी गाड़ी से आ रहे उसके ताऊ के लड़का भी हादसे में घायल हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए।
जसवंत नगर के गांव निलोई निवासी रामू (40) पुत्र सुरेश कुमार और अनुज (40) पुत्र देशराज सब्जी का व्यापार करते थे। दोनों लोग अपनी मैक्स गाड़ी से आगरा सब्जी मंडी सोमवार शाम 7 बजे गए थे। सब्जी लेकर लौटते समय मध्य रात करीब दो बजे के थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर चौराहे के समीप उनकी मैक्स अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। कार को रामू चला रहा था, और अनुज परिचालक की सीट पर बैठा था जबकि मैक्स के ऊपर सब्जी पर बैठे आढ़ती मोनू और गांव का युवक गुड्डू के कोई चोट नहीं आई। घटना की जानकारी होते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
वहीं घटना की जानकारी होने पर रामू के ताऊ के लड़के सहदेव और ब्रजेश व जितेंद्र दूसरी गाड़ी से फिरोजाबाद हॉस्पिटल आ रहे थे, तभी उनकी गाड़ी भी बालाजी मंदिर के समीप अनियंत्रित होकर सुबह 7 बजे पलट गई और दोनों लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को भी फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेज दिया। जहां से परिजन दोनों को रेफर करा ले गए।
तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था रामू
शिकोहाबाद। परिजनों ने बताया कि रामू तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। सब्जी का व्यापार कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। बड़ा भाई प्रदीप और छोटा श्यामू भी सब्जी का व्यापार करते हैं। मृतक की पत्नी ललिता देवी, मां रेशमा देवी और बच्चे परी (4) और अनुराग (2) का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं अनुज दो भाइयों में सबसे बड़ा था। छोटा भाई ध्रुव भी कारोबार में हाथ बटांता है। अनुज की पत्नी साधना और बेटा मंयक (4) है। अनुज की पत्नी साधना गर्भवती है और उसकी इसी माह डिलेवरी होने वाली है।
मृतक रामू का फाइल फोटो।- फोटो : FIROZABAD