अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट और हमला के विरोध में कार्रवाई की मांग को लेकर हड़ताल पर रहे बार एसोसिए?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र में अधिवक्ता सलाउद्दीन उर्फ सोनू पर हुए हमले के विरोध में मंगलवार को बार एसोसिएशन फिरोजाबाद ने कामबंद हड़ताल की। अधिवक्ता जुलूस के रूप में एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसएसपी को संबोधित पत्र सौंपते हुए कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो अधिवक्ता उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि अधिवक्ता सलाउद्दीन उर्फ सोनू के ऊपर जानलेवा हमला किया गया। मामले को थाना पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा अधिवक्ता सलाउद्दीन ने 12 जुलाई 2021 को थाना रसूलपुर पुलिस को अपने साथ जान, माल की सुरक्षा किए जाने की मांग करते हुए शिकायती पत्र दिया था।
थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर ने अधिवक्ता की बात सुनने के बजाय उन्हें ही हड़काने का काम किया था। यह तक धमकी दी थी कि आगरा में कई अधिवक्ताओं के रजिस्ट्रेशन बार काउंसिल से निरस्त करा दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों को शीघ्र ही गिरफ्तार नहीं किया तो अधिवक्ता उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ऐसे पुलिस सब इंस्पेक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में देवेंद्र सिंह यादव, पंचम सिंह गुर्जर एडवोकेट, नील कमल यादव, वकील खान, आलिया रफत सादमा, विमल यादव, घनश्याम यादव शामिल थे।