शब-ए-बरात पर घरों पर ही नमाज अदा कर दुआ की। कटरा मोहल्ले में नमाज अदा करतीं महिलाएं।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। या अल्लाह इस कोरोना नाम के कहर से दुनिया को बचा। या अल्लाह जो बीमार हैं उन्हें शिफा अता फरमा और जो परेशान हैं उनकी मुसीबतों को कम कर दे। हमारे मुल्क पर अपना रहम कर। इस मुसीबत की घड़ी में सभी को एक साथ इस बीमारी से लड़ने की हिम्मत दे। इस तरह की दुआ जिले में मुस्लिमों ने नमाज के बाद की। लॉकडाउन की वजह से सभी मुस्लिमों ने शब-ए-बरात पर घरों में ही इबादत की। नमाज के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा गया। लोग इस बार कब्रिस्तान नहीं गए। घरों से ही अपने मरहूमों के लिए दुआ की। साथ ही फातिहा पढ़कर कुरआन की तिलावत की। इधर देरशाम को चौराहों पर पुलिस फोर्स तैनात रहा। एसपी सिटी नगर मजिस्ट्रेट एवं सीओ सिटी बाजार में राउंड लेते रहे।
कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले शहर में बढ़ने के ही साथ उलमा इकराम-प्रबुद्धजनों ने शब-ए-बरात के मौके पर घरों में इबादत करने की हिदायत दी थी। मंौलानाओं की गुजारिश का असर सुहागनगरी में शब-ए-बरात के मौके पर देखने को मिला। शहर की मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में घरों के अंदर ही नमाज अदा करने के साथ मरहूमों को याद करते दिखाई दिए। इस तरह का आलम कोटला मोहल्ला, कटरा पठानान, नई बस्ती, रामगढ़ क्षेत्र में दिखाई दिया। इसके साथ ही कुछ जिम्मेदार लोग घरों के अंदर रहने, कोरोना से बचने के लिए इबादत घरों में करने की सीख देते दिखाई दिए। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी बाजारों के साथ कब्रिस्तानों के आस-पास सक्रिय रहे।
प्रमुख मस्जिदों से किया गया एलान
फिरोजाबाद। शहर की सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद के साथ कटरा स्थित शाही मस्जिद, मस्जिद मेवा फरोशान, आगा शाही मस्जिद, नाले वाली मस्जिद, हुसैनी मस्जिद के साथ ही शहर की सभी प्रमुख मस्जिदों से एलान किया गया कि शब-ए-बरात के मौके पर घरों पर इबादत करें।
शब-ए-बरात के मौके पर मोहम्मदगंज में घर में इबादत करते हाजी नसीर अहमद व उनका परिवार- फोटो : FIROZABAD