फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में यमुना नदी में डूबे किशोर का दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी सुराग नहीं लग कसा। बृहस्पतिवार सुबह पीएसी टीम शंकर पुर घाट तक किशोर की तलाश करती रही। थाना लाइनपार ओमनगर निवासी रवींद्र सिंह प्रजापति का बेटा आकाश (17) बुधवार सुबह साइकिल से तहेरे भाई ब्रजेश कुमार पुत्र भोगीलाल, अपने छोटे भाई विकास, भतीजों सूरज (22), जीतू(17), अरुण (15) पुत्रगण ब्रजेश कुमार प्रजापति के साथ गया था। यमुना नदी में हवन सामग्री डालते समय आकाश का पैर फिसल गया और वह यमुना में डूबने लगा।
आकाश को बचाने की कोशिश में ब्रजेश, विकास, सूरज, जीतू और अरुण ने भी यमुना में छलांग लगा दी। हालांकि वे भी डूबने लगे। इस पर घाट पर मौजूद गोताखोरों ने ब्रजेश, विकास, सूरज, जीतू और अरुण को तो बचा लिया लेकिन आकाश का सुराग नहीं लग सका था। आकाश की खोजबीन के लिए एसडीएम सदर राजेश कुमार व सीओ सदर हीरालाल कनौजिया की पहल पर पीएसी की टीम बुधवार की शाम को पहुंच गई। हालांकि बृहस्पतिवार शाम तक आकाश का कोई सुराग नहीं लग सका। आकाश के नहीं मिलने के कारण परिजनों का हाल बेहाल है। एसओ बसई मोहम्मदपुर सर्वेश कुमार और सीओ सदर हीरालाल कनौजिया ने कहा कि पीएसी टीम किशोर को ढूंढ रही है। हालांकि अभी सफलता नहीं मिल सकी है।