फिरोजाबाद ! हाथवंत में बीज एवं पेस्टिसाइड की दुकान की सील खुलवाते जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/खैरगढ़। नकली डीएपी बिक्री करने के मामले में विगत दिनों सील की गई हाथवंत स्थित संगम खाद एवं बीज भंडार की दुकान में से आधी दुकान की सील एसडीएम के निर्देश पर रविवार को जिला कृषि अधिकारी की मौजूदगी में खोल दी गई। हालांकि खाद वाला गोदाम सील है। ऐसे में अब दुकानदार बीज व पेस्टीसाइड की ही बिक्री कर सकेगा। बताया जा रहा है कि दुकान में बीज एवं पेस्टीसाइड का लाइसेंस और खाद का लाइसेंस अलग-अलग हैं।
थाना नारखी के जाटऊ में नकली खाद (डीएपी) बनाकर बोरी में भरने का मामला पकड़ा गया था। मौके से भरी बोरी के साथ ही खाली बोरी एवं कच्चा माल कृषि विभाग की टीम एवं पुलिस ने बरामद किया था। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर मनोज कुमार सिंह ने नकली डीएपी को थाना नारखी पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। इस दौरान डीएपी की आपूर्ति हाथवंत स्थित संगम खाद भंडार से होने की जानकारी मिली थी। ऐसे में शिकोहाबाद एसडीएम शिव ध्यान पांडेय ने हाथवंत स्थित खाद की दुकान सील करा दिया था।
हालांकि खाद विक्रेता के पास खाद के साथ-साथ पेस्टीसाइड एवं बीज का अलग से लाइसेंस है। शिकोहाबाद एसडीएम के समक्ष उसने अर्जी लगाई कि खाद के मामले में एफआईआर दर्ज है तो उसे सील रखा जाए लेकिन बीज एवं पेस्टीसाइड वाले हिस्से की दुकान की सील खोल दिया जाए। इस पर एसडीएम शिकोहाबाद ने अर्जी पर सुनवाई करते हुए रविवार को नायब तहसीलदार शिकोहाबाद अवनीश कुमार एवं जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह की मौजूदगी में दुकान की सील खुलवा दी। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि खाद वाले गोदाम का हिस्सा सील रहेगा।