डिलीवरी बॉय को रास्ते में रोककर पीटते युवक। स्रोत सोशल मीडिया
शिकोहाबाद। नारायण तिराहे पर मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे स्कूटी से हुई टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि तीन युवकों ने एक डिलीवरी बॉय को बीच सड़क पर पीटा। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्टेशन रोड स्थित डोमिनोज पिज्जा से एक डिलीवरी बॉय स्कूटी से ऑर्डर देने जा रहा था। जैसे ही वह नारायण तिराहे के पास पहुंचा, उसकी स्कूटी एक अन्य स्कूटी से टकरा गई। इसके बाद दूसरी स्कूटी पर सवार तीन युवकों ने डिलीवरी बॉय को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इससे कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीचबचाव कराकर डिलीवरी बॉय को वहां से निकाल दिया। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि इस मामले में अभी तक थाने पर कोई शिकायत नहीं मिली है।