एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सराफा व्यापारियों का आंदोलन 29वें दिन भी जारी रहा। सराफा व्यापारी बुधवार को नगर विधायक मनीष असीजा के घर ज्ञापन देने पहुंचे। उनकी गैरमौजूदगी में व्यापारियों ने जमकर नारेबाजी की। केंद्र सरकार को व्यापारी विरोधी बताया। बाद में विधायक के सुरक्षा गार्ड को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
एक्साइज ड्यूटी और पेनकार्ड की अनिवार्यता के विरोध में सराफा व्यापारियों का आंदोलन बुधवार को भी जारी रहा। प्रतिष्ठान बंद रखकर व्यापारियों ने घंटाघर पर धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद वह नगर विधायक मनीष असीजा को ज्ञापन देने पहुंचे। वहां विधायक के नहीं मिलने पर उनके सुरक्षा गार्ड को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस दौरान व्यापारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सराफा व्यापारियों ने ज्ञापन में पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मांग की है कि एक्साइज ड्यूटी से भ्रष्टाचार एवं इंसपेक्टर राज बढ़ेगा। व्यापारी का आर्थिक शोषण होगा। जीएसटी लागू होने तक एक्साइज ड्यूटी को स्थगित किया जाए। भाजपा सरकार ने व्यापारियों पर आत्याचार का रास्ता अपनाया तो यह पार्टी के लिए काफी नुकसानदायक होगा। ज्ञापन देने वालों में चंद्रभान गुप्ता, सुनील बोस, संजय जैन, राजा जैन, योगेश पोरवाल, चंचल सक्सेना, विकास पोरवाल, प्रमोद बंसल, विकास पोरवाल, जीतू जैन, आशू पाराशर, जाकिर, सुनील जैन, अरविंद जैन, रविकांत जैन, प्रमोद भारद्वाज, उमेशचंद्र अग्रवाल हैं।