होली के त्योहार पर विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते सैलई क्षेत्र में 20 घंटे से अधिक बिजली गायब रही। मंगलवार की शाम 11 हजार की लाइन पर हुए फाल्ट को विभाग बुधवार दोपहर तक ठीक नहीं कर सका। बिजली के अभाव में सुबह पानी न मिलने से क्षेत्रीय जनता में आक्रोश दिखा।
सैलई क्षेत्र आबादी के हिसाब से काफी बड़ा क्षेत्र है। सैलई में मंगलवार शाम करीब सात बजे 11 हजार की लाइन टूट गई, जिससे पूरा क्षेत्र अंधकार में डूब गया। क्षेत्रीय जनता द्वारा एसडीओ, जेई को कई बार फोन करने के बावजूद कोई कर्मचारी तार जोड़ने नहीं पहुंचा। इधर बिजली के अभाव में क्षेत्र में लगे नलकूप नहीं चल सके, जिससे पेयजल टंकी नहीं भरी जा सकी। होली पर पेयजल समस्या को देखते हुए जलकल विभाग के अवर अभियंता पीके सिंह ने विभागीय अधिकारियों के फोन खटखटाए, लेकिन विभाग द्वारा लाइन नहीं जोड़ी गई। बिजली के अभाव में होली के त्योहार पर बुधवार को सुबह क्षेत्र की जनता को पानी नहीं मिल सका। पानी की तलाश में सुबह लोग इधर-उधर भटकते नजर आए। एक्सईएन आरबी रॉय ने बताया कि रात्रि में 11 हजार की लाइन में ब्रेकडाउन हो गया था। फाल्ट को दूर करने के लिए टीम को निर्देश दे दिए हैं, जल्द आपूर्ति सुचारु की जाएगी।
होली पर निर्बाध रूप से मिलेगी बिजली
होली के त्योहार पर उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति मिलेगी। एमडी एसबीएस राठौर ने सभी अधीक्षण अभियंता, एक्सईएन को सुचारु आपूर्ति के निर्देश दिए हैं। नगरीय विद्युत वितरण खंड के एक्सईएन महेशचंद्रा ने बताया कि होली पर जनता को सुचारु आपूर्ति मिलेगी। सभी बिजलीघर पर मेंटीनेंस टीमें 24 घंटे तैनात रहेंगी। एसडीओ व जेई क्षेत्र की आपूर्ति पर निगाह रखे हुए हैं।