उसायनी से मक्खनपुर सिक्सलेन बाईपास रोड पर जगह-जगह हुए गड्ढे
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। छह महीने पहले बना सिक्सलेन बाईपास पहली बारिश ही नहीं झेल पाया। नई सड़क पर गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर सड़क किनारे से टूट गई है। मिट्टी धंसने के साथ सड़क नीचे धंस गई है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में है। उसायनी से मक्खनपुर तक बनें सिक्सलेन बाईपास का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हो सका है। यह मार्ग करीब 20 किमी लंबा है। कई जगह पुलिया अधूरी पड़ी है। राजा का ताल से मक्खनपुर तक इस सिक्सलेन बाईपास को सात माह पूर्व ही चालू कर दिया।
पहली बारिश में ही बाईपास की गुणवत्ता की पोल भी खुलना शुरू हो गई। राजा का ताल से आगे ओवरब्रिज पर सड़क धंस गई है। यहां सड़क दोनों साइडों में धंसी दिखाई दी। इस रास्ते पर जोखिम इतना है कि यदि किसी ने साइड से वाहन रोका तो पलट जाएगा। ककरऊ गांव के समीप तो एक साइड में काफी सड़क कट गई है। यूपीएसआईडीसी (उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम) कट के पास आगरा की ओर जाने वाली साइड में मिट्टी बहने के साथ सड़क लटकी दिखाई देती है। रेलिंग टूट गई है। दूसरी साइड में इसी तरह की स्थिति देखने को मिली। मिट्टी को पानी के साथ बहने से रोकने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। चनौरा के साथ ही सांती तथा मक्खनपुर के पास इसी तरह की स्थिति देखने को मिली। यदि किसी वाहन चालक ने रोड के साइड से वाहन रोका तो वह पलट जाएगा।