फिरोजाबाद/खैरगढ़। जिले में सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पहला हादसा थाना दक्षिण क्षेत्र के गांव बांसठ नाले की पुलिया के पास हुआ। थाना बसई मोहम्मदपुर के नगला दया निवासी मानिकचंद्र (30) पुत्र शोभाराम बाइक पर शहर से गांव की ओर जा रहा था। किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को रोड किनारे पड़ा देख वहां से निकल रहे सीओ सदर हीरालाल कनौजिया ने जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिवारीजन पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा है।
इधर, थाना मक्खनपुर के ग्राम सांती के पास 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर थाना खैरगढ़ पुलिस पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इधर हाईवे पर हुए एक अन्य हादसे में जिला कन्नौज के थाना व कस्बा छिबरामऊ के निवासी विकास (23) पुत्र सुनीलपाल, वहीभाव (20) पुत्र अजय सिंह और दिलीपपुर प्रेमपुर के निवासी पंचम सिंह (28) पुत्र मेवाराम घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाए हैं।