जसराना। एसडीएम एवं क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक को गांव झपारा स्थित कोटेदार की दुकान के भौतिक सत्यापन में स्टॉक कम मिला। पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
जिलाधिकारी से ग्रामीणों ने कोटेदार मुन्नी देवी द्वारा राशन का वितरण न करने की शिकायत की थी। एसडीएम नवनीत गोयल, पूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार गौतम के साथ शुक्रवार को कोटेदार के यहां पहुंचे। भौतिक सत्यापन में न तो स्टॉक रजिस्टर मिला और न ही दीवार पर निर्धारित बोर्ड लगा मिला। ई पॉस मशीन से मिलान करने पर दुकान पर 47.28 कुंतल गेंहू, 24.52 कुंतल चावल, दो किलो नमक, दो किलो चना, दो पैकेट रिफाइंड एवं 36 किलो चीनी कम मिली। कालाबाजारी की आशंका जताते हुए रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी। जिलाधिकारी का निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार गौतम ने कोतवाली में मुन्नी देवी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। एसडीएम ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर कोटेदार के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।